
नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति समर्पण का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही तिनटंगा करारी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं और पुरुष गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना करते नजर आए।

सुबह की पहली किरण के साथ ही व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन किया।
घाटों पर हुए मुंडन संस्कार, गंगा स्नान के लिए उमड़ी महिलाएं
छठ महापर्व के अवसर पर गंगा घाटों पर धार्मिक परंपराओं और लोक मान्यताओं की भी झलक देखने को मिली। कई श्रद्धालुओं ने छठ घाट पर अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। वहीं, बड़ी संख्या में महिलाओं ने गंगा में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
पूरे आयोजन के दौरान गंगा घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी से घाटों पर उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। आस्था, भक्ति और सदियों पुरानी लोकपरंपराओं के संगम के बीच चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।
















