
नारायणपुर के चौहद्दी गांव में हुआ हादसा, खगड़िया जिले का रहने वाला था मृतक; दो महीने से चंदन टेंट हाउस में कर रहा था काम
नवगछिया। छठ पूजा के अवसर पर नारायणपुर प्रखंड के चौहद्दी गांव में आयोजित भक्ति कार्यक्रम के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय टेंटकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खटहा कंट्रोलि गांव निवासी संगीत कुमार, पिता राकेश सिंह के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार संगीत कुमार गौछरी स्थित चंदन टेंट हाउस में काम करता था। वह पिछले करीब दो महीने से टेंट हाउस में कार्यरत था। छठ पूजा के अवसर पर नारायणपुर के चौहद्दी गांव में आयोजित भक्ति कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने और अन्य कार्यों में वह लगा हुआ था। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी टेंट संचालक की ओर से परिजनों को दोपहर करीब 12 बजे दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को नारायणपुर से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों के अनुसार संगीत कुमार तीन भाइयों में बीच का था। महज 19 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ महापर्व के दौरान हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों और टेंट व्यवसाय से जुड़े कर्मियों में भी शोक का माहौल है।
















