
मां को बचाने पहुंचे बेटे को भी सियार ने काटकर किया घायल, तीनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ उपचार; सुनसान रास्ते पर रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड के पोखरिया गांव में रविवार देर शाम एक हिंसक सियार ने करीब एक घंटे के भीतर तीन ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना नवगछिया से तिनटंगा करारी जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क से पोखरिया गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। घायलों में विमला देवी, उनके पुत्र मणिकांत कुमार और सिकंदर यादव शामिल हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में सुनसान रास्ते से गुजरने को लेकर भय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम विमला देवी गांव जाने वाले रास्ते से गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक सियार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे पुत्र मणिकांत कुमार पर भी सियार ने हमला कर दिया। इसके बाद सियार ने वहां से गुजर रहे सिकंदर यादव को भी अपना निशाना बनाया। एक ही स्थान पर थोड़े समय के अंतराल में तीन लोगों पर हुए हमले से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने उनका उपचार किया।
सुनसान रास्ते पर रोशनी और सुरक्षा की मांग
ग्रामीण केशव कुमार ने बताया कि मुख्य सड़क से पोखरिया गांव तक जाने वाला रास्ता काफी सुनसान रहता है। शाम होने के बाद इस रास्ते पर अंधेरा छा जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। इसी रास्ते पर सियार के हमले की घटना से लोगों में भय बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासन से सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाम के समय इस रास्ते से गुजरना अब जोखिम भरा महसूस हो रहा है।
















