


भागलपुर।भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के दुधेला काली अस्थान निवासी 25 वर्षीय निशांत आनंद, पिता कैलाश प्रसाद के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, निशांत आनंद भागलपुर से अपने घर सुल्तानगंज लौट रहे थे। इसी दौरान अकबरनगर भट्टा के पास एक अनियंत्रित वेगनर चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी तथा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरती गई। परिजनों के अनुसार, एक चौकीदार अस्पताल पहुंचा था, लेकिन कागजात लेकर किसी कारणवश वहां से चला गया, जिससे पोस्टमार्टम में देरी हुई और परिजनों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















