


भागलपुर।भागलपुर के युवाओं ने आस्था, साहस और जुनून की अनोखी मिसाल पेश करते हुए स्केटिंग के जरिए 53 दिनों में केदारनाथ धाम की यात्रा पूरी की। भागलपुर के सन्नी कुमार एवं मोकामा के दो अन्य युवकों ने सुल्तानगंज के पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा घाट से गंगाजल लेकर कठिन सफर तय करते हुए बाबा केदारनाथ धाम पहुंचकर जलार्पण किया।

बताया गया कि तीनों युवक अपनी पीठ पर गंगाजल लेकर लगातार स्केटिंग करते हुए लंबी दूरी तय कर केदारनाथ पहुंचे। कठिन रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद युवकों ने अपने संकल्प और आस्था को बनाए रखा। उनकी इस अनोखी यात्रा की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
यात्रा पूरी करने के बाद स्केटिंग कोच अमन कुमार तीनों युवकों को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी से मिलने पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी युवकों एवं उनके कोच को सम्मानित करते हुए उनके साहस, समर्पण और धार्मिक आस्था की सराहना की।

डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि यह भागलपुर और बिहार के लिए गर्व की बात है कि युवाओं ने स्केटिंग करते हुए इतनी लंबी दूरी तय कर बाबा केदारनाथ धाम में जलार्पण किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की यह उपलब्धि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस उपलब्धि के बाद युवकों एवं उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी युवाओं की इस अनोखी यात्रा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















