


भागलपुर।भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत सियां पंचायत के बैरैनी गांव निवासी असम राइफल्स के जवान शिव शंकर कुमार का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि 25 वर्षीय शिव शंकर कुमार अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। वे तीन वर्ष पूर्व असम राइफल्स के मेडिकल विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के दुर्गम क्षेत्र में तैनात थे। परिजनों के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के क्रम में ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि शिव शंकर कुमार बचपन से ही मेधावी और मिलनसार स्वभाव के थे। देश सेवा का जज्बा लेकर उन्होंने सेना में भर्ती होकर परिवार और गांव का नाम रोशन किया था।
जानकारी के अनुसार जवान का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके पैतृक गांव बैरैनी लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोग मौजूद रहे।
घटना के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जवान के योगदान को याद किया।
















