


भागलपुर।भागलपुर में शिक्षाविद् एवं मार्गदर्शक निमेष शुक्ला के नेतृत्व में संचालित 201 दिवसीय राज्यव्यापी “शिक्षा संकल्प यात्रा” लगातार जारी है। इसी क्रम में गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, चम्पानगर के विद्यार्थियों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “शिक्षा का संकल्प” लेकर पदयात्रा निकाली।

इस अवसर पर शिक्षा संकल्प यात्री निमेष शुक्ला ने विद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है और विद्यार्थी यदि दृढ़ संकल्प के साथ पढ़ाई करें तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय और मुंगेर सहित चार जिलों की यात्रा पूरी करने के बाद अब यह अभियान भागलपुर के विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक कर रहा है। शिक्षा संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य बिहार के मेधावी और जिज्ञासु विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें “अध्ययन वीर” के रूप में तैयार करना है।

निमेष शुक्ला एवं उनकी टीम भागलपुर के विभिन्न विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर छात्रों से सीधा संवाद कर रही है। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आधुनिक करियर विकल्पों एवं कौशल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने शिक्षा संकल्प यात्री निमेष शुक्ला, समाजसेवी दिलीप मिश्रा, पत्रकार विनोद कुमार एवं कार्यक्रम संयोजक परमेश्वर सिंह का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा संकल्प यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी यदि अपना लक्ष्य तय कर निरंतर परिश्रम करें तो सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।















