
रेलवे नियंत्रण कक्ष को पति ने दी सूचना, आरपीएफ और जीआरपी की मदद से महिला को एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया
नवगछिया। गोरखपुर से कटिहार जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला की स्थिति खराब होने पर उसके पति ने रेलवे नियंत्रण कक्ष को सूचना देकर तत्काल चिकित्सा सहायता मांगी। सूचना मिलते ही नवगछिया स्टेशन पर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतारा और एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुप्रिया मिश्रा अपने पति अनुराग मिश्रा के साथ आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। दंपती ट्रेन के बी-वन कोच में सीट संख्या 44 और 58 पर सवार थे। खगड़िया स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद अचानक सुप्रिया की तबीयत बिगड़ने लगी। उनकी हालत को देखते हुए पति अनुराग मिश्रा ने रेलवे नियंत्रण कक्ष को इसकी जानकारी दी और जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
सूचना मिलते ही नवगछिया स्टेशन पर एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई। ट्रेन के पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने महिला को सुरक्षित ट्रेन से उतारने में मदद की। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
स्टेशन के सहायक स्टेशन मास्टर बाल्मीकि कुमार ने बताया कि महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक व्यवस्था की गई। ट्रेन के नवगछिया पहुंचते ही महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई।















