
घर के पीछे खेत में पटवन करने के दौरान हुआ हादसा, पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; परिवार में मचा कोहराम
नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के रंगरा गांव के वार्ड संख्या दो में शनिवार की सुबह करीब आठ बजे बिजली का करंट लगने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगरा गांव निवासी मदन चौधरी के बड़े पुत्र मुकेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने घर के पीछे स्थित खेत में पटवन के लिए मोटर चालू करने गया था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह मुकेश कुमार चौधरी अपने घर के पीछे स्थित खेत में पटवन करने के लिए मोटर चलाने गया था। इसी दौरान उसे बिजली का करंट लग गया। बताया जाता है कि घटना के समय मौसम खराब था और बारिश की बूंदें लगातार गिर रही थीं। करंट लगने के बाद वह गंभीर स्थिति में हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
हादसे की सूचना रंगरा थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुकेश कुमार चौधरी अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके छोटे भाई का नाम छोटू कुमार है। मुकेश अपने पीछे पत्नी प्रेमलता देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री मनीषा कुमारी (11 वर्ष) तथा दो पुत्र मनीष कुमार (8 वर्ष) और चीकू कुमार (6 वर्ष) हैं।
युवक की असामयिक मौत से पत्नी प्रेमलता देवी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में अचानक हुई इस घटना से मातम छा गया है। वहीं, घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।















