5
(1)

@ जोधपुर पुलिस की सूचना पर भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाथ थाना क्षेत्र से किशोरी सकुशल मुक्त; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। राजस्थान के जोधपुर से अपहृत पाकिस्तानी किशोरी को भागलपुर पुलिस ने पांच दिनों बाद सकुशल बरामद कर लिया। अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय और तकनीकी निगरानी के आधार पर हुई इस कार्रवाई में अपहृत किशोरी को बिहार के भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र से मुक्त कराया गया। हालांकि, पुलिस की छापेमारी से पहले ही अपहरण का कथित आरोपी योगेश कुमार फरार हो गया।

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक पाकिस्तानी किशोरी के अपहरण का मामला राजस्थान से बिहार तक पहुंच गया और उसे भागलपुर के एक थाना क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। जोधपुर पुलिस की तकनीकी टीम ने किशोरी का लोकेशन भागलपुर के बाथ थाना क्षेत्र में ट्रेस किया। इसके बाद जोधपुर पुलिस ने भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से तत्काल सहयोग मांगा।

जोधपुर पुलिस से मिली सूचना के बाद भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा की निगरानी में विशेष पुलिस टीम गठित की। इसमें महिला थानाध्यक्ष लूसी कुमारी के साथ बाथ और शाहकुंड थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाथ थाना क्षेत्र में छापेमारी की और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद किशोरी को महिला थानाध्यक्ष और महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा एवं संरक्षण में रखा गया है। भागलपुर पुलिस ने किशोरी की सकुशल बरामदगी की सूचना जोधपुर पुलिस को दे दी है। सूचना मिलते ही जोधपुर के बोरानाडा थाने की पुलिस टीम भागलपुर के लिए रवाना हो गई।

जानकारी के अनुसार, किशोरी लांग टर्म वीजा पर पाकिस्तान से जोधपुर आई थी और अपने पिता के साथ रह रही थी। आरोप है कि जोधपुर में एक फैक्ट्री में काम करने वाले भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के दीनदयालपुर निवासी योगेश कुमार ने उसे सब्जबाग दिखाकर अगवा कर लिया।

किशोरी के पिता ने जोधपुर के बोरानाडा थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराते हुए पुलिस से अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। इसके बाद जोधपुर पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी योगेश कुमार ने किशोरी को अपने पैतृक गांव दीनदयालपुर में रखने के बजाय बाथ थाना क्षेत्र में छिपाकर रखा था। योगेश कुमार दीनदयालपुर निवासी मंटू मंडल का पुत्र बताया गया है। वह जोधपुर की एक फैक्ट्री में काम करता था।

भागलपुर पुलिस जब आरोपी तक पहुंचने के लिए छापेमारी करने पहुंची, उससे पहले ही वह मौके से फरार हो गया। फिलहाल किशोरी पुलिस संरक्षण में है और जोधपुर पुलिस की टीम उसके सुपुर्दगी एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर पहुंच रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: