0
(0)

पूर्णिया : कला एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन पूर्णिया के तत्वावधान में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, पूर्णिया में आयोजित 15 दिवसीय विलुप्तप्राय लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रशिक्षुओं को बिहार की समृद्ध लोक सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी सोहर लोकगीत एवं पामरिया लोकनृत्य की विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान लोकगीत की प्रशिक्षिका चांदनी शुक्ला ने प्रतिभागियों को सोहर लोकगीत की पारंपरिक गायन शैली, प्रस्तुति एवं लोकजीवन में इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, लोकनृत्य के प्रशिक्षक एवं आम्रपाली पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कलाकार अमित कुमार ने प्रशिक्षुओं को पामरिया नृत्य की विभिन्न मुद्राओं, ताल-लय, पद संचालन एवं प्रस्तुति की बारीकियों का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पंकज पटेल ने कहा कि लोकगीत और लोकनृत्य हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। सोहर जैसी लोकगीत विधाएं जहां हमारी पारिवारिक और सामाजिक परंपराओं को जीवंत रखती हैं, वहीं पामरिया जैसे लोकनृत्य हमारी लोक संस्कृति की विशिष्ट पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कलाओं से जोड़ना तथा विलुप्तप्राय लोक विधाओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं ने पूरे उत्साह के साथ गायन एवं नृत्य का अभ्यास किया। दूसरे दिन के प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को लोक विधाओं को सीखने के साथ-साथ उनकी मौलिकता, परंपरागत स्वरूप और मंचीय प्रस्तुति को बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 अगस्त से 08 सितंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसमें प्रतिभागियों को बिहार की लोकगीत एवं लोकनृत्य परंपराओं की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अभी भी रजिस्ट्रेशन एवं नामांकन जारी है। जिन लोगों ने अभी तक अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं की है, वे यथाशीघ्र पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन एवं नामांकन करा सकते हैं। यह कार्यशाला निःशुल्क आयोजित की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: