


पूर्णिया। आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पूर्णिया के काझा स्थित शिवम हायर एजुकेशन फाउंडेशन नर्सिंग कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य सेवा में नर्सों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता कार्यक्रम, लघु नाटक और गीतों की प्रस्तुति देकर समाज में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया। विद्यार्थियों ने मानवता की सेवा, निस्वार्थ भाव और मरीजों की बेहतर देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कॉलेज की निदेशक नूतन गुप्ता ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ होती हैं। चिकित्सक मरीज का उपचार करते हैं, लेकिन नर्सों की निरंतर सेवा और देखभाल मरीज को नया जीवन देती है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में नर्सें मरीजों के लिए किसी देवदूत से कम नहीं होतीं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल डिग्री प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि सेवा भाव से इस पेशे को अपनाएं। धैर्य, संवेदनशीलता और मुस्कुराहट के साथ मरीजों की सेवा करना ही एक सफल नर्स की पहचान है।
कॉलेज के शिक्षकों ने बताया कि इस वर्ष की थीम के अनुरूप नर्सों के आर्थिक और सामाजिक भविष्य को सुरक्षित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शैक्षणिक स्टाफ, फैकल्टी मेंबर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













