


विद्यार्थियों और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया प्रेरित
पूर्णिया : क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय बाल मध्य विद्यालय, मधुबनी, पूर्णिया में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक तनाव को कम कर आत्मविश्वास एवं एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट शंभु नाथ बर्मन ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर समाज को निरोग, सकारात्मक और ऊर्जावान बनाया जा सकता है।














