


“आपकी सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए” : आशीष गोस्वामी
पूर्णिया : विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

आशीष गोस्वामी ने अपने पत्र में कहा कि सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित एक वीडियो में प्रधानमंत्री के काफिले में सीमित संख्या में वाहन दिखाई देने के बाद यह विषय उनके संज्ञान में आया, जिसके बाद उन्होंने यह पत्र लिखा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। ऐसे में उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी अत्यंत मजबूत और उच्च स्तर की होनी चाहिए।

पत्र में उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री केवल एक संवैधानिक पद पर आसीन नेता नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की आशा, विश्वास और भावनाओं के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश किसी संकट या कठिन परिस्थिति से गुजरता है, तब प्रधानमंत्री का नेतृत्व लोगों को साहस और आत्मविश्वास प्रदान करता है।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि “आंखों में आंसू और दिल में चिंता केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन करोड़ों लोगों की भावना है जो प्रधानमंत्री को अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं।”

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराएं और विपक्षी दल अपने-अपने विचार रखते हैं, लेकिन देशहित और राष्ट्रीय सुरक्षा सबसे ऊपर होनी चाहिए। इसी भावना के तहत उन्होंने प्रधानमंत्री से अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में समाज सक्षम है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा और कुशलता सर्वोपरि है। इसके प्रति किसी भी प्रकार का जोखिम स्वीकार नहीं किया जा सकता।

आशीष गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में समाज और अधिक संगठित तथा सशक्त हो रहा है और सामाजिक-सांस्कृतिक स्तर पर नई चेतना विकसित हुई है।
पत्र के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ और देशभर के लोग उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।















