


उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 165 लीटर शराब बरामद
अररिया : बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच अररिया जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरपंच को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरगामा थाना क्षेत्र के पेकवार गांव वार्ड संख्या 10 निवासी एवं सरपंच राजकुमार मेहता के रूप में हुई है।

उत्पाद विभाग की छापेमारी में 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा करीब 165 लीटर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि सरपंच राजकुमार मेहता के खिलाफ लंबे समय से अवैध शराब की खरीद-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में यह आरोप लगाया गया था कि वह अपने घर और आसपास के इलाके में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की सप्लाई कर रहे थे।
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग ने पहले गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया। पुष्टि होने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। शनिवार को टीम ने सरपंच के नए आवास पर अचानक छापेमारी की।

तलाशी के दौरान घर के पीछे खाली जमीन पर पॉलीथिन से ढककर रखी गई 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया और आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, मामले में बिहार निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बरामद शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि शराब की आपूर्ति श्रृंखला और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं जिले में लगातार हो रही छापेमारी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।















