


सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस से दुर्व्यवहार का आरोप, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
किशनगंज : किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, शव वाहन रोककर हंगामा करने एवं पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अर्राबाड़ी थाना कांड संख्या 12/26 के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालूबाड़ी निवासी अल्ताफ, मोहम्मद इदरीश एवं मोहम्मद सुलेमान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को बालूबाड़ी निवासी अंसार आलम की पत्नी संजरी बेगम का शव मक्के के खेत में संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। सूचना मिलने पर अर्राबाड़ी थाना अध्यक्ष कनक लता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि 16 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव को एम्बुलेंस से वापस बालूबाड़ी लाया जा रहा था। इसी दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय बालूबाड़ी के समीप कुछ लोगों ने शव वाहन को रोक दिया।
आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इतना ही नहीं, गश्ती वाहन को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास भी किया गया।

मामले में एम्बुलेंस चालक ने भी वाहन रोककर डराने-धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पहचान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी।
थाना अध्यक्ष कनक लता ने बताया कि इस मामले में 16 नामजद एवं करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इदरीश एवं मोहम्मद सुलेमान का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क बना हुआ है।















