


भागलपुर। जीवन जागृति सोसायटी द्वारा विक्रमशिला पुल संकट के बीच बरारी गंगा घाट पर जागरूकता एवं राहत शिविर का आयोजन किया गया। संस्था ने नावों पर बढ़ती भीड़ एवं ओवरलोडिंग की आशंका को देखते हुए यात्रियों के बीच सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।
ज्ञात हो कि विक्रमशिला पुल ध्वस्त होने के बाद गंगा पार आवाजाही पूरी तरह नावों पर निर्भर हो गई है। ऐसे में संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने बरारी घाट पर पंपलेट वितरित किए, सुरक्षा संदेश वाले बैनर लगाए तथा राहत शिविर संचालित किया।

शिविर में यात्रियों के लिए पेयजल की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान डॉ. अजय कुमार सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि “एक आपदा से हम बचे हैं, दूसरी आपदा नहीं आए इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। सरकार द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।”
संस्था द्वारा वितरित पंपलेटों में लोगों से नावों को ओवरलोड होने से बचाने एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई। पंपलेट में संदेश दिया गया कि “आप खुद अपना रक्षक बनें, नाव को ओवरलोड होने से बचाएं। आपका जीवन आपके परिवार के लिए अमूल्य है।”

संस्था के सदस्यों ने नाव चालकों एवं यात्रियों को समझाया कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर बैठाना जानलेवा साबित हो सकता है।
जीवन जागृति सोसायटी ने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। यदि लोग स्वयं जागरूक रहेंगे तो किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सकता है। बरारी गंगा घाट पर चलाया गया यह अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा तथा यात्रियों ने संस्था की इस पहल की सराहना की।















