


पूर्णिया। पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अवैध संबंध के विवाद में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भालचंद विश्वास (36) के रूप में हुई है, जो तीन छोटे बच्चों का पिता था।
बताया जा रहा है कि भालचंद का अपनी ही चाची रोमा देवी के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था, जिसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। इस विवाद ने आखिरकार खौफनाक रूप ले लिया और भालचंद की जान चली गई।
परिजनों के अनुसार, रविवार को भालचंद की चाची ने उसे 50 हजार रुपये देने के बहाने अपने घर बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठी रोमा देवी और उसके बेटे अमित कुमार ने उस पर हमला कर दिया। दोनों ने मिलकर भालचंद की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शव को कंबल से ढककर घर के अंदर ही छिपा दिया गया।
मृतक की पत्नी गुंजा देवी ने बताया कि वर्ष 2020 से ही उसके पति और चाची के बीच अवैध संबंध था। इसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। उसने आरोप लगाया कि उसके पति अपनी अधिकांश समय चाची के घर ही बिताते थे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी करते थे।
पत्नी के मुताबिक, हाल ही में भालचंद ने कुछ जमीन बेची थी और घर निर्माण का काम चल रहा था। रविवार सुबह उसने मजदूरों को भुगतान करने के लिए 50 हजार रुपये मांगे थे। भालचंद ने पहले पैसे नहीं होने की बात कही, लेकिन बाद में पता चला कि वह रकम उसने अपनी चाची को दे दी है। जब वह पैसे वापस मांगने चाची के घर गया, तभी विवाद शुरू हो गया और उसकी हत्या कर दी गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर पत्नी ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब वह चाची के घर पहुंची, तो उसे अंदर जाने से रोका गया। संदेह होने पर जब वह जबरन घर के अंदर गई, तो उसने अपने पति का शव कंबल में लिपटा देखा। शोर मचाने पर उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोमा देवी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका बेटा अमित कुमार फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर रिश्तों में गिरते मूल्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
















