5
(1)



पूर्णिया। पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागढ़र मधवा कोला पंचायत से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने गई 5 साल की मासूम बच्ची की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

मृत बच्ची की पहचान मंजीत हरिजन की पुत्री सोमीया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में वह अपनी मां के साथ गई थी। शाम करीब 4 बजे वह अचानक लापता हो गई। पहले तो परिजनों को लगा कि बच्ची आसपास ही खेल रही होगी, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू की गई।

परिजनों और ग्रामीणों ने मंदिर परिसर, आसपास के घरों, खेत-खलिहानों सहित हर संभावित स्थान पर बच्ची की तलाश की। यहां तक कि मंदिर और मस्जिद से भी घोषणा कराई गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। करीब चार घंटे की लगातार खोज के बाद गांव के बगीचे से बच्ची का शव बरामद हुआ। उसका गला किसी धारदार हथियार से बेरहमी से काट दिया गया था और शरीर खून से लथपथ पड़ा था। यह भयावह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद शादी वाले घर में जहां कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। ग्रामीणों में इस जघन्य वारदात को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। बच्ची की हत्या किसने और किन कारणों से की, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों और मासूमों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी करती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: