5
(1)



पूर्णिया। पूर्णिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। डाकबंगला-बसेटी-पूर्णिया सड़क पर ग्रेविटी पॉइंट स्कूल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने दो किराना कारोबारियों से कुल ₹3.58 लाख लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जदिया निवासी किराना व्यवसायी प्रवीण कुमार अपने साथी विनोद भगत और चालक मुकेश कुमार मेहता के साथ पिकअप वाहन (BR 50 GA 6309) से गुलाबबाग बाजार खरीदारी के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी हांसा से बसेटी जाने वाली सड़क पर ग्रेविटी स्कूल के पास पहुंची, चालक अचानक गाड़ी रोककर नीचे उतर गया।

इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और मौका पाकर दोनों कारोबारियों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए प्रवीण कुमार से ₹50 हजार और विनोद भगत से ₹3 लाख 8 हजार रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह रानीगंज थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने लूट की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पिकअप चालक की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जिस तरीके से चालक ने अचानक गाड़ी रोकी और मौके से अलग हुआ, उससे साजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

थाना प्रभारी ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर सुबह के समय मुख्य सड़क पर इस तरह की वारदात से लोगों में भय का माहौल है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: