


ट्रेन हादसे और सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दी आर्थिक सहायता
पूर्णिया : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के बनमनखी विधानसभा अंतर्गत चाँदपुर भाँगहा पंचायत में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दो अलग-अलग हादसों में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया तथा अपनी ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

सांसद पप्पू यादव सबसे पहले पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित छर्रापट्टी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय विमल यादव के पुत्र बाबूल कुमार की चेन्नई में ट्रेन हादसे में हुई दर्दनाक मौत पर शोक जताया। परिजनों से मुलाकात के दौरान उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में बाहर गए युवाओं की असमय मौत पूरे समाज के लिए पीड़ादायक है।
इस दौरान सांसद ने मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इसके बाद सांसद वार्ड संख्या-10 पहुंचे, जहां हाल ही में सड़क दुर्घटना में स्वर्गीय बालकृष्ण यादव की मौत हो गई थी। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। सांसद ने इस परिवार को भी 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधियों और समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसे समय में सामाजिक सहयोग पीड़ित परिवारों को संबल देता है।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मौके पर स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सांसद के इस पहल की सराहना की।
















