5
(1)



सड़क हादसे में युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

खरीक के दयालपुर एनएच 31 पर घटी घटना

नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र के दयालपुर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास रविवार की रात करीब 9 30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार मृतक की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के शाहपुर नवटोलिया निवासी भिखारी तांती के पुत्र सुजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार शर्मा अपने चचेरे साले की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल दयालपुर आया हुआ था। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। रविवार को बारात दयालपुर से एकनिया मानसी जाने वाली थी। परिवार में खुशी का माहौल था। महिलाएं विवाह गीत गा रही थीं और सुजीत की पत्नी बनारसी साड़ी पहनकर हाथों में मेहंदी लगाए खुशी से झूम रही थी।

इसी बीच, सुजीत कुमार बिना किसी को बताए अपनी अपाची मोटरसाइकिल से खरीक की ओर निकल गया। जैसे ही वह दयालपुर चौक के पास पहुंचा, एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जा रहा है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

इस हृदयविदारक घटना से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ देर पहले तक ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं सुजीत की पत्नी गहरे सदमे में है।

वहीं, देर रात करीब 10 बजे सुजीत की पत्नी, ससुर और अन्य परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ससुर ने बताया कि 11 मार्च 2026 को महज एक माह पूर्व ही सुजीत की शादी उनकी बेटी से धूमधाम से हुई थी। घर में विवाह समारोह का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए सुजीत आया था और बारात निकलने ही वाली थी कि अचानक यह हादसा हो गया।

परिजनों ने बताया कि उन्हें एंबुलेंस चालक द्वारा दुर्घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही थी। घटना की सूचना सुजीत के परिजनों को दे दी गई थी और उनके पिता भी घर से नवगछिया के लिए रवाना हो चुके थे। अस्पताल पहुंची पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था और वह बार-बार बेहोश हो रही थी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: