


भागलपुर। श्रावणी मेला-2026 को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने शुक्रवार को कहलगांव स्थित ऐतिहासिक बटेश्वर स्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बटेश्वरनाथ मंदिर में परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर तथा गंगा घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन, अंचलाधिकारी श्रीनिवासन कुमार, केंद्रीय रेलवे यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान, अस्पताल प्रभारी डॉ. पवन कुमार गुप्ता, प्रबंधक गोविंद कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
















