
@ शोरूम, कारोबारी और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल; सर्राफा बाजारों में नियमित गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बेतिया में ज्वेलरी शोरूम में हुई डकैती की घटना के बाद अब भागलपुर के सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इसी को लेकर गुरुवार को भागलपुर में पुलिस प्रशासन और ज्वेलर्स के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ज्वेलरी कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में शामिल हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वेलर्स के विशाल वर्मा ने सर्राफा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई अहम सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ज्वेलरी शोरूम केवल व्यापारिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में ग्राहकों और कर्मचारियों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थान हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से दुकानों के खुलने और बंद होने के समय पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए। शोरूम के सामने अनावश्यक वाहनों की पार्किंग पर रोक लगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई करने में परेशानी न हो।
विशाल वर्मा ने ज्वेलर्स और पुलिस के बीच त्वरित संपर्क व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचनी चाहिए, जिससे समय रहते संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कारोबारियों से भी अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराएं। सुरक्षा को केवल पुलिस की जिम्मेदारी मानना उचित नहीं है। इसके लिए कारोबारी और पुलिस प्रशासन दोनों को मिलकर सतर्क रहना होगा।
विशाल वर्मा ने स्पष्ट कहा कि ज्वेलरी कारोबार की सुरक्षा, व्यापारियों के भरोसे और आम ग्राहकों की जान-माल की हिफाजत से जुड़ा गंभीर विषय है। पुलिस और कारोबारी के बीच बेहतर तालमेल ही अपराधियों के मंसूबों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित होगा।















