


भागलपुर। बढ़ती यात्री संख्या और ट्रेनों के सुचारू परिचालन को ध्यान में रखते हुए भागलपुर जंक्शन के व्यापक विकास की दिशा में रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अधिकारी अमरेंद्र कुमार मौर्य ने स्टेशन का निरीक्षण कर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म संख्या 2 और 3 का विस्तार किया जाएगा, ताकि उन्हें 23 कोच वाली फुल लेंथ ट्रेनों के अनुरूप बनाया जा सके। इस पहल से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में आने वाली समस्याएं कम होंगी और ट्रेनों की देरी पर भी नियंत्रण लगेगा।
इसके साथ ही स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य भी जल्द शुरू होने की संभावना है, जिससे ट्रेनों के आवागमन को और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन परिसर में विशेष होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना है। खासकर त्योहारों और भीड़भाड़ के समय इस व्यवस्था से यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म तक पहुंचाया जाएगा, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति से बचाव हो सकेगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा भागलपुर जंक्शन के पुनर्विकास की भी योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत भविष्य में स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे पटरियों को पार करने के बजाय केवल प्लेटफार्म और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।













