


भागलपुर के समीक्षा भवन में मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। वे 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इस अवसर पर आयोजित समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके कार्यकाल और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जनार्दन प्रसाद सिंह के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर, शाल ओढ़ाकर तथा माला पहनाकर उन्हें सम्मानित करते हुए विदाई दी।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम सहित अन्य अधिकारियों ने भी उनके कार्यों की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सभी अधिकारियों ने बारी-बारी से माला पहनाकर उन्हें विदाई दी।
समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं। जनार्दन प्रसाद सिंह ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।















