


भागलपुर।भागलपुर स्थित भागलपुर नगर निगम परिसर में स्थायी एवं सेवानिवृत्त सफाई कर्मियों की भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। नगर सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठे हुए हैं।

कर्मचारियों की मुख्य मांग स्थायी सफाई कर्मियों एवं रिटायर्ड कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने तथा लंबित भुगतान जल्द करने की है। आंदोलनरत कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
भूख हड़ताल के दौरान दो कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद धरना स्थल पर ही उन्हें सलाइन चढ़ाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बकाया वेतन और भुगतान की मांग करने पर कुछ कर्मियों द्वारा पैसे की मांग की जाती है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि चार दिनों से जारी धरना के बावजूद नगर निगम या प्रशासन का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
भूख हड़ताल लंबी खिंचने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।















