5
(1)



भागलपुर । विक्रमशिला सेतु मार्ग अवरुद्ध होने के बाद भागलपुर-नवगछिया के बीच संचालित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने एसपी सिंगला कंपनी के प्रतिनिधियों को दोनों ओर के घाटों तक पहुंच मार्ग को समतल, सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरारी घाट से महादेवपुर घाट तक बड़ी संख्या में आमजन, व्यवसायी, किसान एवं कर्मचारी आवागमन कर रहे हैं, इसलिए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना प्राथमिकता है।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए मोटर बोट के दो मंजिला हिस्से पर यात्रियों को बैठाने पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। केवल चालक एवं क्रू मेंबर को ही ऊपरी भाग में रहने की अनुमति होगी। नगर निगम को घाटों पर प्रतिदिन तीन बार साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा फुटकर विक्रेताओं को डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया। महादेवपुर घाट पर अतिरिक्त टेंट लगाने की भी बात कही गई।


जिलाधिकारी ने एसडीआरएफ टीम को दंडाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ जल मार्ग में लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया। घाटों पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी बैज लगाकर ड्यूटी करेंगे, ताकि यात्रियों को पहचान में सुविधा हो। क्रूज से यात्रियों के उतरने के दौरान भीड़ नियंत्रण हेतु अतिरिक्त पुलिस बल एवं आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि विक्रमशिला सेतु पर अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लगभग तीन से साढ़े तीन मीटर चौड़ा स्कैफोल्डिंग ब्रिज शीघ्र तैयार किया जाएगा। इसके संचालन के दौरान ट्रैफिक रेगुलेशन लागू रहेगा, जिसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व तैयारी करने का निर्देश दिया गया।


कहलगांव से तीनटंगा गोपालपुर जलमार्ग के माध्यम से ट्रक एवं छोटी गाड़ियों के परिचालन की योजना पर भी चर्चा हुई। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया को मार्ग निरीक्षण कर उपयुक्त विकल्प सुझाने का निर्देश दिया गया। आवश्यकतानुसार मार्ग निर्माण एवं मरम्मत कार्य तत्काल कराया जाएगा।

भागलपुर-सुल्तानगंज-मुंगेर मार्ग पर जाम की समस्या से बचाव हेतु फोरलेन सड़क का निरीक्षण कर बिजली तारों सहित अन्य अवरोध दो दिनों के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया। वहीं घाटों तक आने-जाने वाले टोटो एवं ऑटो का किराया निर्धारित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।


वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की। सुबह एवं शाम के समय अधिक भीड़ को देखते हुए बरारी एवं जीरोमाइल थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता राकेश कुमार रंजन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क सहित कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: