


जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
भागलपुर। नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत जाह्नवी चौक (महादेवपुर) गंगा घाट पर यात्रियों के सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। इन व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि घाट पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समतलीकरण कर नाव तक सुगम पहुंच मार्ग तैयार कराया गया है। यात्रियों के ठहराव के लिए अस्थायी शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां चिकित्सा सुविधा, शौचालय, बिजली, जिला नियंत्रण कक्ष तथा निःशुल्क नाव सेवा की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। बरारी पुल घाट के अतिरिक्त जाह्नवी घाट पर भी पर्याप्त संख्या में नाव एवं अन्य परिवहन साधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ रही है।

घाट परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए स्ट्रेचर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।















