


भागलपुर जिले में अवैध शराब, आर्म्स और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर दिग्धी गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की पुष्टि होने के बाद सिटी एसपी के निगरानी में तथा नगर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने दिग्धी गांव में छापेमारी की, जहां संदिग्ध लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। सशस्त्र बल की मदद से सभी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिशु कुमार, राहुल कुमार, राजेश कुमार, चंदन कुमार दास, धर्मवीर कुमार दास, सिंदु कुमार और बुध नारायण ठाकुर शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 8.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 8,650 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, जिसमें और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
















