0
(0)

@ NH-133E के 36.6 किलोमीटर हिस्से का होगा चौड़ीकरण, 24 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; सांसद अजय मंडल के प्रयासों को मिली सफलता।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भागलपुर से खरहारा गांव (ढाका मोड़) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-133ई (NH-133E) को फोरलेन बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। करीब 583.47 करोड़ रुपये की लागत से 36.6 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 24 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।


भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता जाहिर की है। सांसद कार्यालय की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह परियोजना सांसद के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल रही है। इसके क्रियान्वयन के लिए वे लगातार संसद से लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तक प्रयास करते रहे हैं। अब टेंडर जारी होने के साथ ही परियोजना के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
परियोजना के तहत भागलपुर से खरहारा गांव (ढाका मोड़) तक 36.600 किलोमीटर सड़क का फोरलेन निर्माण पक्के शोल्डर (Four Lane with Paved Shoulder) के साथ किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 583.47 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। यह राशि जीएसटी रहित है।
टेंडर से संबंधित कार्यक्रम के अनुसार, निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 24 दिसंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। वहीं, तकनीकी एवं वित्तीय बोलियां 31 दिसंबर 2026 को खोली जाएंगी। निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि 24 महीने रखी गई है।
सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि NH-133E के फोरलेन निर्माण से भागलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। सड़क संपर्कता मजबूत होने से व्यापार, कृषि, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सड़क आधारभूत संरचना का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने में पहल और सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: