


पूर्णिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण को सुनने के लिए पूर्णिया में विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने शांतिनगर मधुबनी स्थित अपने आवास पर कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में दर्जनों भाजपा समर्थक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विभिन्न सामाजिक मुद्दों, नवाचार, प्रेरक व्यक्तित्वों तथा देश के सकारात्मक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश में सकारात्मक परिवर्तन की सामूहिक आवाज है, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन ‘सबका साथ, सबका विकास’ को धरातल पर उतारना है। ‘मन की बात’ के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
श्रीमती गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारत के विंड एनर्जी के क्षेत्र में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी शक्ति बनने पर गर्व व्यक्त किया तथा स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और बिजली बचाने का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपनाकर वैश्विक शांति स्थापित करने की अपील की गई। प्रधानमंत्री ने ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना पर जोर देते हुए नागरिकों से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय समस्याओं पर संक्षिप्त चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम में पार्टी के कई सक्रिय कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















