
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों ने अनुमंडल अस्पताल में कराया भर्ती
नवगछिया। सड़क पार करने के दौरान बाइक की चपेट में आने से 85 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होने के बाद आसपास के लोगों की मदद से महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया।

घायल महिला की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के अंभो गांव निवासी स्वर्गीय करो निषाद की पत्नी पुनिया देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आ गईं। टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन तत्काल महिला को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।















