
तीनटंगा करारी घाट पर फेरी सेवा की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, खुद खड़े होकर यात्रियों को पहनवाए जीवन रक्षक जैकेट
गोपालपुर। भागलपुर-विक्रमशिला सेतु पर सड़क मार्ग से आवागमन बंद होने के बाद गंगा के जलमार्ग से यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। वहीं, जहान्वी चौक पर मोटरसाइकिलों के परिचालन पर रोक लगने से तीनटंगा करारी से कहलगांव के बीच फेरी सेवा पर लोगों की निर्भरता बढ़ गई है। इसी बीच यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे नवगछिया अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सोनी कुमारी तीनटंगा करारी जहाज घाट पहुंचीं।
निरीक्षण के दौरान जहाज पर कई यात्रियों को बिना जीवन रक्षक जैकेट के सफर करते देख पीजीआरओ नाराज हो गईं। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों और संचालकों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सोनी कुमारी स्वयं खड़ी होकर यात्रियों को जीवन रक्षक जैकेट पहनवाती नजर आईं। उन्होंने निर्देश दिया कि जहाज पर सवार होने वाले प्रत्येक यात्री के लिए जीवन रक्षक जैकेट पहनना अनिवार्य किया जाए। बिना जैकेट किसी भी यात्री को गंगा पार करने की अनुमति नहीं दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहाज पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। फेरी संचालक और संबंधित कर्मी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यात्रियों की सुविधाओं की भी ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान पीजीआरओ ने घाट पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

मौके पर अंचलाधिकारी रोशन कुमार, गोपालपुर थानाध्यक्ष सह निरीक्षक रविशंकर सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक कर्मी मौजूद थे।
गंगा के जलमार्ग पर यात्रियों की बढ़ती निर्भरता को देखते हुए प्रशासन ने फेरी सेवा में सुरक्षा नियमों के पालन पर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।















