


भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के चौकी नियामतपुर निवासी किशोर कुमार के लापता होने का मामला उस समय गंभीर हो गया, जब बरारी पुल घाट के समीप नदी किनारे उनका शव बरामद किया गया। बरारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी टू राकेश कुमार रात करीब साढ़े नौ बजे मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से विस्तृत पूछताछ की। नाथनगर पुलिस ने भी शव की पहचान किशोर कुमार के रूप में होने की पुष्टि की है।
मृतक की पत्नी निधि कुमारी ने नाथनगर थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनके पति दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार, किशोर कुमार का जमीन बिक्री को लेकर कहलगांव थाना क्षेत्र के पदमपुर वार्ड-02 निवासी कोला दास और शिवम कुमार गुप्ता के साथ एग्रीमेंट हुआ था। जमीन के एवज में कुछ राशि चेक के माध्यम से दी गई थी, जिसमें एक चेक बाउंस हो गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पत्नी ने आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों द्वारा उनके पति को लगातार फोन पर धमकी दी जा रही थी। उन्होंने आशंका जताई है कि जमीन विवाद के कारण ही उनके पति का अपहरण कर हत्या कर दी गई।
इस संबंध में नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि बरारी क्षेत्र में मिला शव किशोर कुमार का ही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















