


24 अप्रैल को आयोजित होगा दीक्षांत समारोह
भागलपुर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 24 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने विश्वविद्यालय परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ऑडिटोरियम सहित विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का अवलोकन किया। साथ ही नवनिर्मित स्विमिंग पूल (तरणताल) का भी निरीक्षण किया गया। बताया गया कि समारोह के अवसर पर माननीय राज्यपाल के कर कमलों द्वारा इस तरणताल का उद्घाटन किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भी दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
















