
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। आस्था के महापर्व छठ पर गंगा की लहरों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीवन जागृति सोसायटी ने सराहनीय पहल की है। कहलगांव के शक्ति घाट पर संस्था की ओर से जीवन रक्षक ट्यूब और रस्सियां उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि छठ महापर्व के दौरान किसी की खुशियां गंगा की लहरों में न समा जाएं।
छठ के मौके पर शक्ति घाट पर श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा लगता है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में गंगा में स्नान करने और भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में गहरे पानी, तेज बहाव और भीड़ के बीच डूबने की आशंका बनी रहती है। इसी संभावित खतरे को देखते हुए संस्था ने पहले से ही
बचाव के इंतजाम करने की पहल की है।

संस्था का उद्देश्य केवल पर्व की तैयारियों में सहयोग करना नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने में योगदान देना है। समय रहते उपलब्ध कराए गए जीवन रक्षक उपकरण किसी आपात स्थिति में अनमोल जिंदगी बचाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
इस पहल के दौरान जीवन जागृति सोसायटी की कहलगांव इकाई के अध्यक्ष नितिन कुमार, सावर्णी मधुकर, चंदन निराला, गोपाल मंडल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि त्योहारों पर केवल व्यवस्था और सजावट ही नहीं, बल्कि सुरक्षा को प्राथमिकता देना भी बेहद जरूरी है।
















