
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने गुरुवार को भागलपुर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छठ महापर्व में महिलाओं एवं छठव्रती महिलाओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। घाटों पर महिला पुलिस बल की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए जाएंगे।
इसके अलावा छठव्रती महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि घाटों पर आने-जाने के दौरान महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। एसएसपी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहेगा, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।















