


नवगछिया। नवगछिया नदी थाना क्षेत्र के चोरहर पुल के नीचे बाढ़ के पानी में डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान कुशेश्वर चौधरी की पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोरी के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
नदी थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शिवानी कुमारी बाढ़ के पानी में डूब गई थी। स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
















