
न्यायिक पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर दिया विधिक जागरूकता का संदेश, छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात रहेंगे पीएलवी
नवगछिया। दीपावली के अवसर पर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर व्यवहार न्यायालय, नवगछिया परिसर में ‘एक दीया विधिक सेवा के नाम’ अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत न्यायिक पदाधिकारियों, वरिष्ठ पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित, कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल, सुलभ और निःशुल्क न्यायिक सहायता पहुंचाना है। इसके लिए लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी देना आवश्यक है।
छठ घाटों पर भी तैनात रहेंगे पैरा लीगल वॉलंटियर्स
दीपावली के साथ ही आगामी छठ पूजा को लेकर भी विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विशेष तैयारी की गई है। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर नवगछिया के विभिन्न छठ घाटों पर पैरा लीगल वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
पीएलवी घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों की सहायता करेंगे। साथ ही उन्हें विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी देंगे।

इस पहल के माध्यम से पर्व-त्योहार के अवसर पर भी आम लोगों तक विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।














