
आपसी विवाद में लोहे की रॉड, चाकू और लाठी से हमले का आरोप; चांदी की चेन छीनने की भी शिकायत, छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नवगछिया। आदर्श थाना नवगछिया क्षेत्र के उजानी गांव में आपसी विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। घटना 6 नवंबर की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मामले में उजानी निवासी मो. मजनू आलम (28) ने छह लोगों के खिलाफ नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मो. मजनू आलम ने आरोप लगाया है कि गांव के ही मु. राजा, मु. नुराल (32), मु. अजनबी, मु. एनुल, मो. तालीम और मो. शहनबाज हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर मु. राजा ने उनके गले में रस्सी फंसाकर खींचना शुरू कर दिया। इसी दौरान मो. शहनबाज पर गले से चांदी की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि मु. नुराल ने चाकू से गले पर वार कर उन्हें जख्मी कर दिया, जबकि अन्य आरोपितों ने लोहे की रॉड और लाठी से सिर एवं शरीर पर हमला किया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े।

बचाने पहुंचे भाई के सिर पर भी किया हमला
पीड़ित के अनुसार, जब उनके भाई मो. शाद उन्हें बचाने पहुंचे तो मु. एनुल ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 455/26 दर्ज की गई है। प्राथमिकी 7 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














