


पूर्णिया। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जहां देशभर में श्रमिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं पूर्णिया में यह दिन राजनीतिक विरोध प्रदर्शन का केंद्र बना रहा। दिल्ली में एक बिहारी मजदूर की कथित हत्या के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र एवं दिल्ली सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला दहन कर अपना रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता ई. दिवाकर सिंह उर्फ दिवाकर यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार के अभाव में बिहार के युवा अन्य राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर हैं, जहां उनके साथ असुरक्षा और अमानवीय व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मजदूर की हत्या की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और यह देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव पर गंभीर प्रश्न खड़ा करती है।
कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्रवाद और विभाजनकारी राजनीति का विरोध करते हुए कहा कि बिहारी मजदूर देश के हर हिस्से में अपनी मेहनत से पहचान बना रहे हैं और उनके साथ हिंसा की घटनाएं पूरे समाज के लिए चिंताजनक हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय, उचित मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को जिला स्तर से आगे बढ़ाकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और श्रमिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
















