5
(1)



पूर्णिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रवास से लौटने के बाद दिल्ली पहुंचे पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग उठाई। इस दौरान विधायक ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर पूर्णिया की जनता की ओर से उनका स्वागत किया।


मुलाकात के दौरान विधायक खेमका ने कहा कि भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी प्रमंडल के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए पटना हाई कोर्ट तक लगभग 300 से 400 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम लोगों को समय, धन और श्रम की भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र के लोगों को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।

विधायक ने बताया कि पूर्णिया ऐतिहासिक रूप से 1770 का पुराना जिला है तथा इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आकांक्षी जिला घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां न्यायिक सुविधाओं का विस्तार विकास की दृष्टि से भी जरूरी है।


श्री खेमका ने कहा कि इस मांग को वे पूर्व में बिहार विधानसभा में भी उठा चुके हैं तथा मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को पत्र लिखकर पहल कर चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि राज्यपाल की ओर से भी इस संबंध में केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी जा चुकी है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है और आगे की प्रक्रिया के तहत पटना हाई कोर्ट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी, जिसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय मंत्री को पूर्णिया आने का निमंत्रण भी दिया और विश्वास जताया कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग अवश्य पूरी होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: