


पूर्णिया। मिल्लिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी), रामबाग पूर्णिया में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. साकिब शकील तथा विभिन्न विभागों के अध्यक्षों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मिल्लिया तराना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय वातावरण प्रदान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के सभी फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. साकिब शकील ने कहा कि श्रमिक किसी भी संस्था, समाज एवं राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। उनके परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण से ही किसी संस्थान की प्रगति संभव होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रम के सम्मान, अनुशासन और मेहनत को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने संस्थान के कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं लगन से ही संस्थान निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है। संस्थान परिवार कर्मचारियों के हित, सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागाध्यक्षों, परीक्षा नियंत्रक एवं शिक्षकों ने भी अपने विचार रखते हुए श्रमिकों को संस्थान की आधारशिला बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा गीत, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रमिकों के संघर्ष, त्याग और योगदान को प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन की ओर से सभी श्रमिकों एवं कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। उपहार प्राप्त कर श्रमिकों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।















