


पूर्णिया।जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, पूर्णिया के तत्वावधान में आयोजित जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय बैडमिंटन कोर्ट पर आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन शहर के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।

उद्घाटन समारोह में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, संरक्षक डॉ. ए.के. गुप्ता, डॉ. सी.के. सिंह, डॉ. आलोक पंकज नायक, नूर आलम तथा रवि रंजन सहित शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रदर्शन करने की अपील करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, पूर्णिया के चेयरमैन आदित्य केजरीवाल ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पूर्णिया का नाम रोशन कर सकें।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल का भरपूर आनंद लिया।
यह चैंपियनशिप 1 मई से 3 मई तक आयोजित की जाएगी, जबकि फाइनल मुकाबले 3 मई को खेले जाएंगे। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी हैं।















