


पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर मानव धर्म निभाया। जानकारी के अनुसार भट्टा बाजार दुर्गाबाड़ी निवासी मौमिता दास के रिश्तेदार कटिहार निवासी अपूर्वा दास, जो पूर्णिया के कप्तान पारा स्थित एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में पाइल्स की बीमारी से पीड़ित थीं, उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी।

बताया गया कि देर रात करीब 12 बजे एक पत्रकार द्वारा दूरभाष के माध्यम से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को मरीज की गंभीर स्थिति की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए और रक्त की व्यवस्था की पहल शुरू कर दी।
बुधवार सुबह संगठन के पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य कालीकांत दास ने एक यूनिट ओ पॉजिटिव रक्तदान कर मरीज की सहायता की। समय पर रक्त उपलब्ध होने से मरीज का उपचार सुचारू रूप से संभव हो सका।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ राष्ट्र, समाज और मानव सेवा के प्रति समर्पित संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाना है ताकि कोई भी व्यक्ति स्वयं को असहाय महसूस न करे।
मौके पर पूर्णिया जिला गौ रक्षा प्रमुख हरीश कुमार हर्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष डॉ. संतोष शाह, बेगूसराय जिला अध्यक्ष विक्रांत आनंद, सोशल मीडिया आईटी सेल प्रभारी तनु सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश सिंह तथा नगर महामंत्री कमल कृष्ण रंजन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














