


पूर्णिया : भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुंगेर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का भव्य समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

समापन सत्र के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और जन-धन योजना जैसी पहल ने गरीबों के जीवन स्तर में व्यापक परिवर्तन लाया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं व्यक्तित्व विकास की पाठशाला होता है। इससे कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ती है और वे जनसमस्याओं के समाधान में अधिक प्रभावी भूमिका निभा पाते हैं।

उन्होंने कहा कि देशभर में चलाया जा रहा यह महाअभियान कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और सेवा भावना का संचार कर रहा है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समापन समारोह में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने ‘अंत्योदय’ के संकल्प को दोहराते हुए जन-जन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रण लिया।















