
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। धनतेरस पर भागलपुर का बाजार मानो धनवर्षा के रंग में सराबोर हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ शुरू हुई खरीदारी की रौनक देर शाम तक परवान चढ़ती रही। दुकानों के शटर उठते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते शहर के प्रमुख बाजारों में पैर रखने तक की जगह कम पड़ गई। रियल एस्टेट से लेकर सर्राफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार तक हर तरफ खरीदारी का उत्साह दिखाई दिया। बाजार के जानकारों के आकलन के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर भागलपुर का कुल कारोबार पांच सौ करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। कारोबार के लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई।
इस बार धनतेरस की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि ग्राहकों ने केवल परंपरागत खरीदारी तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि लग्जरी कारों, महंगे आभूषणों, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और रियल एस्टेट में भी जमकर निवेश किया। ऑटोमोबाइल बाजार में महंगी गाड़ियों की मांग रही तो सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की चमक देखते ही बनी। इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर कारोबार में भी ग्राहकों की अच्छी आमद रही। लंबे समय बाद रियल एस्टेट सेक्टर ने भी धनतेरस पर उल्लेखनीय गतिविधि दिखाई।

धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार कारोबार के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा। अनुमान है कि करीब चार सौ लग्जरी कारें सड़कों पर उतरेंगी। टाटा मोटर्स में नौ करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है। विभिन्न कंपनियों की बुकिंग और डिलीवरी को मिलाकर लग्जरी कार बाजार में 70 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना जताई गई है। महिंद्रा शोरूम में अब तक 220 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हुई है, जबकि 100 से अधिक गाड़ियों की डिलीवरी होने की संभावना है। मारुति की 185, किया की 35, होंडा की 30, एमजी की 20, रेनॉल्ट की 30 और टोयोटा की 70 गाड़ियों की बुकिंग की जानकारी मिली है। इससे साफ है कि धनतेरस पर ग्राहकों ने वाहन खरीदने में खूब दिलचस्पी दिखाई।कारों के साथ दोपहिया बाजार भी पूरी रफ्तार में रहा। अनुमान है कि धनतेरस के मौके पर करीब पांच हजार नई बाइक की खरीदारी होगी।
हीरो शोरूम, होंडा, बजाज की पल्सर ग्राहकों की पसंद बनी हुई है। कंपनी की नई सीएनजी बाइक फ्रीडम को लेकर भी उत्साह है। टीवीएस, बुलेट, यामाहा और सुजुकी के शोरूम में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। पूरे दोपहिया बाजार में 50 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना जताई गई है।
सर्राफा बाजार में भी धनतेरस की रौनक देखते ही बनी। सोने और चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ज्वेलरी शोरूम में तरह-तरह के ऑफर दिए गए। कहीं सोने के आभूषणों पर प्रति ग्राम छूट दी गई तो कहीं मेकिंग चार्ज में रियायत की घोषणा हुई। डायमंड ज्वेलरी पर 20 से 25 प्रतिशत तक की सीधी छूट ने भी खरीदारों को आकर्षित किया।
डिजिटल जरूरतों ने धनतेरस के बाजार को एक नया आयाम दिया। मोबाइल और लैपटॉप की दुकानों में भी पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, मोबाइल बाजार में 12 से 15 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने की संभावना है। छोटी खुदरा दुकानों में भी मोबाइल की बिक्री जारी रही।लैपटॉप कारोबारियों के अनुसार, भागलपुर के बाजार में करीब 1500 लैपटॉप की बिक्री दर्ज की गई। कंप्यूटर और उससे जुड़े अन्य उपकरणों की बिक्री को मिलाकर इस कारोबार से लगभग तीन करोड़ रुपये आने का अनुमान है।
धनतेरस पर घरेलू जरूरतों से जुड़े सामान की खरीदारी में भी कोई कमी नहीं रही। टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, फर्नीचर और रसोई के बर्तनों की दुकानों पर सुबह से शाम तक ग्राहक जुटे रहे। परंपरा के अनुसार बर्तन खरीदने को लेकर भी लोगों में खास उत्साह दिखा। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े शोरूम तक कारोबार की रफ्तार तेज रही।
इस बार धनतेरस पर रियल एस्टेट सेक्टर की सक्रियता भी चर्चा में रही। लंबे अंतराल के बाद जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री में उत्साह देखने को मिला। बाजार के जानकारों के मुताबिक, लोगों ने शुभ मुहूर्त का लाभ उठाते हुए संपत्ति में निवेश करने में भी दिलचस्पी दिखाई।
कुल मिलाकर धनतेरस ने भागलपुर के बाजार को करोड़ों की सौगात दी। सोने-चांदी की चमक, लग्जरी कारों की रफ्तार, बाइक की धूम और इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग ने इस त्योहार को कारोबार के लिहाज से यादगार बना दिया। बाजार की रौनक ने संकेत दे दिया कि इस बार भागलपुर में दीपावली से पहले ही खुशियों और समृद्धि का बड़ा उत्सव मन चुका है।
















