
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय बैडमिंटन बालक प्रतियोगिता 2026-27 का समापन शुक्रवार को छह रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। 03 से 06 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन किया।
अंडर-14 एकल एवं युगल दोनों स्पर्धाओं में पटना प्रमंडल के किशलय कुमार ने बाजी मारी। अंडर-17 एकल में तिरहुत प्रमंडल के काव्या कश्यप विजेता बने, जबकि युगल में भागलपुर के रिशव सिन्हा और रोहित सिन्हा की जोड़ी ने खिताब जीता। वहीं, अंडर-19 एकल एवं युगल दोनों स्पर्धाओं में तिरहुत प्रमंडल के कुंदन कुमार सिंह विजेता रहे। युगल में उन्होंने चंद्र प्रकाश के साथ खिताब अपने नाम किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगामी कार्यक्रम में व्यस्त रहने के कारण जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करने की कामना की।
सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में चयनकर्ता मिथिलेश कुमार, सुभाष कुमार एवं राम कुमार सिंह तथा अंपायर ऋतुराज, शेखर सुमन, सूर्यकांत एवं अभिराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी तकनीकी पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
















