5
(2)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। कभी गांव की चौहद्दी से बाहर बेटियों के कदम बढ़ाने पर सवाल उठते थे, आज उन्हीं बेटियों की उपलब्धियों पर पूरा गांव जश्न मना रहा है। यह बदलाव सिर्फ सोच का नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और आत्मविश्वास की नई इबारत है। इसकी खूबसूरत तस्वीर गोकुलपुर में देखने को मिली, जहां दिल्ली से राष्ट्रीय आयोजन में बिहार का प्रतिनिधित्व कर लौटे किशोर-किशोरियों का आदिवासी समुदाय ने नाच-गान के साथ भव्य स्वागत किया।

समवेत संस्था द्वारा संचालित सिद्धू-कानू प्रेरणा केंद्र, गोकुलपुर, सन्हौला की किशोरी अंशु कुमारी सोरेन और कार्यकर्ता नीतू मुर्मू के साथ समवेत एवं लीप टू साइन के सहयोग से संचालित दशरथ मांझी ई-एजुकेशन सेंटर, फुलकिया, घोघा के साजन कुमार तथा कार्यकर्ता सुनील कुमार मंडल दिल्ली में आयोजित नेशनल इंक्लूसिव चिल्ड्रेन पार्लियामेंट में बिहार का प्रतिनिधित्व कर लौटे हैं।

दस दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन में प्रतिभागियों ने विभिन्न कार्यशालाओं, संवाद सत्रों और गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें सांसदों से मुलाकात करने और राष्ट्रीय मंच पर अपनी बात रखने का अवसर मिला। खास बात यह रही कि उन्होंने आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अपनी आवाज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाई।

इनकी उपलब्धि की खुशी में गोकुलपुर में उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव के प्रधान छोटे किश्कु, वार्ड सदस्य एतवारी किश्कु, सेवानिवृत्त सैनिक बलराम किश्कु और अंशु के पिता साहेब राम सोरेन ने स्वागत समारोह आयोजित कर प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। ढोल, नगाड़े, नाच-गान और सामुदायिक उल्लास के बीच गांव ने अपने इन होनहारों को हाथोंहाथ लिया।

इस स्वागत समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद कोई पुरस्कार या सम्मान नहीं, बल्कि वह बदली हुई सामाजिक सोच थी, जिसकी झलक हर चेहरे पर दिख रही थी। जिन बेटियों के घर से बाहर निकलने को कभी सहज नहीं माना जाता था, आज उन्हीं की सफलता पर पूरा समाज गर्व कर रहा है। गोकुलपुर का यह जश्न एक संदेश दे गया – बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर दीजिए, वे सिर्फ अपना नहीं, पूरे गांव और समाज का नाम रोशन करेंगी।समवेत संस्था ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को पूरे समुदाय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: